उत्तरप्रदेश में भाजपा के लिए ब्लैंक चेक हूं : उमा भारती
उमा भारती राज सत्ता से नही संघर्ष और तपस्या की सत्ता से गाय और गरीब की रक्षा करेंगी। 31 जनवरी को भोपाल में किसान संघर्ष मोर्चा द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि किसान और गरीब के मै स्वयं को दांव पर लगा दूंगी. पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने कहा कि वे किसानों की लड़ाई लड़ेंगी। गरीब और किसान आत्महत्या कर रहे हैं। इसके निदान के लिए दलगत भावना से ऊपर उठकर समन्वित प्रयास करने होंगे। किसानो के हित मे राजनीति से ऊपर उठना जरूरी है. मध्यप्रदेश को विदर्भ और तेलांगाना बनने से रोकना होगा। गरीब और किसान आत्महत्या कर रहे हैं। इसके निदान के लिए दलगत भावना से ऊपर उठकर समन्वित प्रयास करने होंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से उनकी बात हुई है। वे उनसे मिलकर किसानों की बेहतरी के लिए उपाय सुझाएंगी। साथ ही मध्यप्रदेश से केंद्र में चारों मंत्रियों से भी मुलाकात कर किसानों की मदद के लिए गुहार करेंगी। वे इस बात के लिये प्रयास करेंगी कि जिला स्तर पर अधिकारियों की जिम्मेदारी तय हो।
गाय की रक्षा के लिए राष्ट्रव्यापी आंदोलन
उमाभारती ने कहा कि वे जल्द ही गाय की रक्षा के लिए सिहोर जिले के इछावर तहसील से गाय को बचाने का अभियान शुरु करेंगी. वे जल्दी ही ब्रिजिशनगर गांव से राष्ट्रव्यापी आंदोलन का एलान करेंगी। उन्होंने कहा कि आधुनिकता की दौड़ में परंपरागत खेती को भुलाते जा रहे हैं, जोत के लिए अच्छे बैल नहीं मिल रहे हैं। इसलिए ट्रैक्टर का सहारा लेना पड़ रहा है। ब्रिजिश नगर में भी जिस किसान ने आत्महत्या की वह टैक्ट्रर का कर्ज नहीं चुका पा रहा था। सुश्री भारती ने कहा कि किसानो की आत्महत्या रोकने के लिये तात्कालिक और दीर्घकालिक दोनो स्तर पर प्रयास करना होगा.
मप्र में जिस तरह किसानो द्वारा कर्जे और पाले के नुकसान से घबराकर आत्महत्याएं की जा रही हैं। इसे रोकने के लिए केन्द्र और राज्य सरकार को ठोस कदम उठाना पड़ेंगे। मप्र को विदर्भ और तेलंगाना बनने से रोकना सभी की जिम्मेदारी है। किसानों को संदेश देते हुए कहा कि निराश होने की जरूरत नहीं है।
दिग्गी ने की पाक की मदद
भगवा आतंकवाद पर उमा ने कहा कि यह नारा देने वाले राष्ट्रीय धर्म का पालन नहीं कर रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने भी हेमंत करकरे का बयान सार्वजनिक कर पाकिस्तान की मदद ही की है।
उत्तरप्रदेश में भाजपा के लिए ब्लैंक चेक बनी उमा भारती
पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने कहा है कि वे उत्तरप्रदेश में भाजपा के लिए “ब्लैंक चेक” हैं। पार्टी जिस तरह चाहे उन्हें “कैश” करा सकती है। उमा भोपाल मे एक कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से चर्चा कर रही थीं। उन्होंने कहा कि भाजपा अध्यक्ष नितिन गडकरी एवं वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी को वे अपनी भावना से अवगत करवा चुकी हैं। पार्टी में वापसी के सवाल पर उन्होंने कहा कि फिलहाल उनका इरादा नहीं है, लेकिन वे बाहर रहकर पार्टी की मदद करेंगी। उन्होने कहा कि जनशक्ति पार्टी चाहे तो एनडीए का हिस्सा बन सकती है. मध्यप्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री सुश्री भारती ने कहा कि मैने हाथ जोड़कर विनम्रतापूर्वक आडवाणी एवं गडकरी से कह दिया है कि अभी मैं राजनीति से दूर रहना चाहती हूं और फिलहाल मैं किसानों की लड़ाई लडूंगी. गौरतलब है कि पिछले दिनो भाजपा अध्यक्ष नितिन गडकरी ने कहा था कि प्रखर हिन्दुवादी नेता उमा भारती जब भी चाहें पार्टी में वापस लौट सकती हैं.